Friday, November 4, 2022

रिश्ते 23

रिश्ते 
इंद्रजाल की भाँति होते हैं, 
जुड़े हुए, 
मुड़े हुए, 
समझ से परे भी, 
सरल भी, 
कठिन भी, 
उलझे भी 
और कुछ-कुछ सुलझे भी, 
अपेक्षा और उपेक्षा से घिरे, 
फूल की भाँति कोमल 
और शूल जैसे पैने भी. 

सचमुच अनोखा होता है, 
रिश्तों का इंद्रजाल 
जाना सा भी 
और अनजाना भी, 
इसकी गाँठें 
इतनी तरतीब 
व मज़बूती से बंधी होती हैं 
कि इनको खोलना 
नामुमकिन सा होता है, 
इनका क्षेत्र 
जीवन के साथ बढ़ता जाता है, 
और विस्तृत होता जाता है, 
जीविका के कारकों से लेकर 
जीविकोपार्जन के कारणों तक, 
इनका नेटवर्क बढ़ता जाता है 
जो रिश्तों को 
कालजयी बनाता है. 

रिश्ते चलते रहते हैं,
अपने क्षेत्रफल 
और घनत्व की 
परवाह किए बिना  
रिश्ते चलते रहते हैं,
रुकते तो हम हैं. 

No comments:

Post a Comment

रिश्ते 37

 रिश्तों का गणित अनूठा होता है जहाँ बताना और जताना गिनाना और दिखाना बातचीत का केंद्र होते हैं तराजू लिए लोग नापने-तोलने में व्यस्त रहते हैं ...